सुप्रीम कोर्ट के आदेश धुएं में उड़ाए, दिल्ली की हवा बिगड़ी
रविवार की रात दिल्ली में जमकर पटाखे फोड़े गए. नतीजा यह हुआ कि पूरी राजधानी धुएं की चादर में लिपट गई. हवा इतनी खराब हो गई कि कुछ कदम दूर तक देखना भी मुश्किल हो गया. सड़कों पर धुआं ही धुआं नजर आ रहा था.
हालात इतने बिगड़ गए कि जिन परिवारों में दिल या सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोग थे, वे एहतियातन दिल्ली से बाहर हाईवे और दूसरे इलाकों की तरफ निकल गए. त्योहार की रात लोगों ने खुशियां तो मनाईं, लेकिन उसकी कीमत पूरी दिल्ली को जहरीली हवा के रूप में चुकानी पड़ी.
इस बीच कांग्रेस नेता अजय माकन ने एक गंभीर सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि 8-9 की रात सीपीसीबी के कई मॉनिटरिंग सेंटरों पर पीएम 2.5 का आंकड़ा दर्ज ही नहीं हुआ. यानी जिस वक्त दिल्ली की हवा सबसे ज्यादा जहरीली हो रही थी, उस वक्त कई केंद्रों पर प्रदूषण का यह अहम आंकड़ा ही मौजूद नहीं था.
सुप्रीम कोर्ट ने पटाखे जलाने के लिए रात 8 से 10 बजे तक का समय तय किया था. साथ ही केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई थी. लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में नियमों की खुलेआम अनदेखी हुई. रात के एक बजे तक पटाखे फूटते रहे. साफ है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी लोगों पर कोई खास असर नहीं दिखा.
जब भी कोई संस्थान या सेलिब्रेटी पटाखे न जलाने की अपील करता है तो उसे सोशल मीडिया पर गलियां दी जाती है. वहीं, साल 2024 में भी दिल्ली की हवा बेहतर करने को लेकर हुई एक मीटिंग में पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए थे. इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की हवा सुधारने के लिए कई सुझाव दिए गए थे. इनमें एक सुझाव यह भी था कि लोगों को पटाखे नहीं जलाने के लिए जागरूक किया जाए. लेकिन रविवार रात दिल्ली में जिस तरह जमकर आतिशबाजी हुई, उसे देखकर लगता है कि पटाखे न जलाने को लेकर जागरूकता फैलाने की कोशिशों का जमीन पर कोई खास असर नहीं हुआ. सवाल है कि जब इतनी बड़ी बैठकें होती हैं और इतने सुझाव दिए जाते हैं, तो फिर उनका असर लोगों के व्यवहार में क्यों नहीं दिखता?
प्रदूषण की हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिकी मानकों के हिसाब से दिल्ली का एक्यूआई 1700 के पार पहुंच गया था.
हालांकि, सुबह होते-होते दिल्ली वालों को थोड़ी राहत जरूर मिली. हवा चलने की वजह से प्रदूषण का स्तर कुछ नीचे आया. लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक रहेगी, इसकी उम्मीद कम है. जिस तरह से रातभर पटाखे फोड़े गए, उसका असर आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है. हवा की हालत और खराब होने की आशंका है.और यह परेशानी सिर्फ दिल्ली की नहीं है. देश के दूसरे हिस्सों में भी हवा की गुणवत्ता लगातार चिंता बढ़ा रही है.
एक स्वतंत्र मीडिया जिन सवालों के जवाब मिलने चाहिए उन सवालों को पूछ कर जनतंत्र को थामे रखता है, जिन कहानियों को कहना जरूरी है उन्हें कह कर उसे बचाए रखता है. स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें. आज ही सब्सक्राइब करें.

